असम पुलिस दिल्ली में पवन खेड़ा के आवास पर पहुंची, ‘पुख्ता सबूत’ मिलने का दावा

असम पुलिस दिल्ली में पवन खेड़ा के आवास पर पहुंची, ‘पुख्ता सबूत’ मिलने का दावा

असम पुलिस दिल्ली में पवन खेड़ा के आवास पर पहुंची, ‘पुख्ता सबूत’ मिलने का दावा
Modified Date: April 7, 2026 / 04:35 pm IST
Published Date: April 7, 2026 4:35 pm IST

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) असम पुलिस की एक टीम मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आवास पर पूछताछ के लिए पहुंची। यह कार्रवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके परिवार के खिलाफ लगाए गए आरोपों से जुड़े एक मामले के संबंध में की जा रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

असम पुलिस के डीसीपी देबोजित नाथ ने कांग्रेस नेता के आवास के बाहर संवाददाताओं से कहा कि खेड़ा अपने आवास पर नहीं मिले। उन्होंने कहा, हालांकि आवास की तलाशी ली गई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।

नाथ ने कहा कि कुछ ‘‘दोष साबित करने वाली सामग्री’’ मिली है, लेकिन जांच के इस स्तर पर इसकी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की जा सकती।

डीसीपी ने बताया कि गुवाहाटी की अपराध शाखा पुलिस थाना ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन उन्हें ढूंढ निकाला जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम ने यहां पहुंचने पर औपचारिक रूप से दिल्ली पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की एक टीम भी जांच में शामिल हो गई और प्रक्रिया में सहयोग कर रही है।

यह घटनाक्रम रविवार को खेड़ा द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने शर्मा की पत्नी के पास तीन पासपोर्ट रखने और चुनावी हलफनामे में संपत्ति संबंधी जानकारी छिपाने का आरोप लगाया गया था।

पलटवार करते हुए, शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ ‘निराधार’ और ‘दुर्भावनापूर्ण’ आरोप लगाने के लिए एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से प्राप्त ‘गलत सूचना’ का उपयोग किया। उन्होंने इसे असम चुनावों को प्रभावित करने का एक प्रयास और एक दंडनीय अपराध करार दिया।

डीसीपी ने बताया कि खेड़ा के बयान को लेकर शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में