असम चुनाव के नतीजे सोमवार को; मतगणना से भाजपा की ‘हैट्रिक’ या कांग्रेस की वापसी का फैसला होगा

असम चुनाव के नतीजे सोमवार को; मतगणना से भाजपा की ‘हैट्रिक’ या कांग्रेस की वापसी का फैसला होगा

असम चुनाव के नतीजे सोमवार को; मतगणना से भाजपा की ‘हैट्रिक’ या कांग्रेस की वापसी का फैसला होगा
Modified Date: May 3, 2026 / 01:18 pm IST
Published Date: May 3, 2026 1:18 pm IST

गुवाहाटी, तीन मई (भाषा) असम में चुनावी लड़ाई सोमवार को मतों की गिनती के साथ अपने अंतिम चरण में प्रवेश करेगी, जिससे यह तय होगा कि भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को तीसरा कार्यकाल मिलेगा या हफ्तों से जारी खींचतान के बाद कांग्रेस सत्ता छीनने में सफल रहेगी।

असम विधानसभा चुनाव में पहचान की राजनीति, कल्याणकारी योजनाओं का वितरण और क्षेत्रीय आकांक्षाएं हावी रहीं।

राज्य की 126 विधानसभा सीट पर 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा, जिसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर ईवीएम खोली जाएंगी।

उम्मीदवारों में 59 महिलाएं हैं। नगांव जिले में मतगणना तीन अलग-अलग केंद्रों पर होगी, जबकि कोकराझार, तिनसुकिया और जोरहाट में दो-दो केंद्रों पर मतगणना होगी।

मतगणना केंद्रों और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) वाले ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 25 कंपनियां तैनात की गई हैं।

अधिकारी ईवीएम को ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ से मतगणना केंद्रों तक ले जाने के लिए 800 और पुलिसकर्मियों को तैनात करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने कहा था कि सीएपीएफ की दो अतिरिक्त कंपनियां स्थायी ड्यूटी पर तैनात रहेंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सशस्त्र पुलिस की 93 कंपनियां पहले ही जिलों में तैनात की जा चुकी हैं।

मतगणना के दिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए 85 ‘असॉल्ट ग्रुप्स’ की सहायता भी मांगी गई है।

राज्य में नौ अप्रैल को मतदान हुआ, जिसमें 25 लाख से अधिक मतदाताओं में से 85.96 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

चुनाव में 722 उम्मीदवारों में से कांग्रेस के सबसे अधिक 99 उम्मीदवार हैं। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 90, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के 30, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के 26 और बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

विपक्षी गठबंधन में रायजोर दल ने 13 सीट पर, असम जातीय परिषद ने 10 सीट पर, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने तीन सीट पर और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस ने दो सीट पर चुनाव लड़ा है।

आम आदमी पार्टी (आप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) ने 18-18 सीट पर, तृणमूल कांग्रेस ने 22 सीट पर और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 16 सीट पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा, 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं।

भाषा सुरभि नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में