असम चुनाव: भाजपा के घोषणापत्र में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश, ‘लव जिहाद’ पर कानून लाने का वादा

असम चुनाव: भाजपा के घोषणापत्र में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश, ‘लव जिहाद’ पर कानून लाने का वादा

असम चुनाव: भाजपा के घोषणापत्र में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश, ‘लव जिहाद’ पर कानून लाने का वादा
Modified Date: March 31, 2026 / 02:49 pm IST
Published Date: March 31, 2026 2:49 pm IST

गुवाहाटी, 31 मार्च (भाषा) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने असम विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें मूल निवासियों की जमीन, विरासत और सम्मान की सुरक्षा करने तथा बुनियादी ढांचा के लिए पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया गया है।

भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ में 31 वादे किये गए हैं, जिनमें ‘‘बांग्लादेशी मियां’’ द्वारा अतिक्रमण की गई जमीन की वापस लेना, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना शामिल है।

घोषणापत्र में असम के मूल निवासियों की जमीन, विरासत और गरिमा की हिफाजत का वादा किया गया है, जिसके लिए आप्रवासी (असम से निष्कासन) अधिनियम, 1950 को लागू कर अवैध प्रवासियों की पहचान और उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

भाजपा ने यह वादा भी किया कि वह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर संविधान की छठी अनुसूची और जनजातीय क्षेत्रों को छोड़कर असम के लोगों की सभ्यता, विरासत और अधिकारों की रक्षा के लिए कानून को मजबूत करेगी, ताकि जातीय समुदायों के अधिकार सुनिश्चित किए जा सकें।

‘मिशन वसुंधरा’ योजना के तहत पार्टी ने ‘‘अवैध प्रवासियों द्वारा किए गए हर इंच अतिक्रमण को हटाकर असम के सभी वास्तविक नागरिकों को भूमि अधिकार देने’’ का वादा किया है।

घोषणापत्र में यह आश्वासन भी दिया गया है कि अगर भाजपा असम में फिर से सरकार बनाती है, तो सत्रों, नामघरों, देवालयों और अन्य पूजा स्थलों की अतिक्रमित जमीन मुक्त कराई जाएगी।

घोषणापत्र के अनुसार, पार्टी ‘लव जिहाद’ की समस्या को समाप्त करने के लिए प्रभावी कानून बनाएगी और ‘लैंड जिहाद’ से निपटने के लिए कड़े कदम उठाएगी।

पार्टी ने वादा किया कि असम को भारत का ‘‘पूर्वी प्रवेश द्वार’’ बनाने के लिए असम गति शक्ति मास्टर प्लान के तहत पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, ताकि परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके।

साथ ही, राज्य को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए 18,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ ‘बाढ़ मुक्त असम मिशन’ शुरू किया जाएगा।

भाजपा ने दो लाख सरकारी नौकरियां देने और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उद्यमिता के अधिक अवसर पैदा करने का भी वादा किया है।

इस दौरान सीतारमण ने कहा कि यह घोषणापत्र ‘‘राज्य के एक दशक के परिवर्तन पर आधारित है, जिसे कांग्रेस 60 वर्षों में हासिल नहीं कर पाई।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पूर्वोत्तर के दीर्घकालिक विकास पर कोई ध्यान नहीं था।

सीतारमण ने दावा किया कि राज्य में भाजपा सरकार के दौरान व्यापक विकास हुआ और कई युवा असमिया ने ‘‘मजबूरी नहीं, बल्कि अवसरों के कारण’’ विदेश से नौकरी छोड़कर असम लौटना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने असम में शांति बहाल की। केंद्रीय वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि विकास केवल स्थिरता होने पर ही संभव है।

सीतारमण ने कहा, ‘‘कांग्रेस की नीतियों के कारण असम 32 साल तक अफस्पा के अधीन रहा, लेकिन भाजपा ने अधिकांश राज्यों से इस कानून को हटवाया।’’

इस अवसर पर, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और पबित्रा मार्गरीटा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, राज्य के मंत्री और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद थे।

राज्य की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को चुनाव होना है, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

भाषा जोहेब सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में