असम : रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई को धमकी मामले में भाजपा विधायक के खिलाफ तीन शिकायतें दर्ज
असम : रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई को धमकी मामले में भाजपा विधायक के खिलाफ तीन शिकायतें दर्ज
डिब्रूगढ़, 23 अगस्त (भाषा) रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई पर कथित तौर पर हमला करने की धमकी देने के मामले में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक मयूर बोरगोहेन के खिलाफ तीन शिकायतें दर्ज की गई हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गोगोई और उनकी पार्टी से जुड़े लोगों ने शिवसागर सदर पुलिस थाना में शिकायतें दर्ज कराईं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘रायजोर दल से जुड़े चंद्रदीप गोगोई और बिस्व दास ने दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। एक और शिकायत कृषक मुक्ति संग्राम समिति (केएमएसएस) के नेता विद्युत सैकिया ने दर्ज कराई।’’
शिकायकर्ताओं के मुताबिक, बोरगोहेन ने हाल ही में शिवसागर में हुए एक कार्यक्रम में गोगोई के खिलाफ ‘हिंसक और भड़काऊ’ बातें कहीं। उन्होंने दावा किया कि वह अहिंसा में विश्वास नहीं करते और कथित तौर पर रायजोर दल के नेता को धमकी भी दी।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इन टिप्पणियों में गोगोई पर हमले की धमकी का संकेत था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।’’
बोरगोहेन की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गोगोई ने आरोप लगाया कि बोरगोहेन अवैध कोयला और पत्थर खनन में संलिप्त हैं। उनका दावा है कि ऊपरी असम में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ के मुख्य कारणों में से एक यही है।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप

Facebook


