असम की हिमंत सरकार विकास की नयी ऊंचाइयों को छुएगी: राजनाथ

असम की हिमंत सरकार विकास की नयी ऊंचाइयों को छुएगी: राजनाथ

असम की हिमंत सरकार विकास की नयी ऊंचाइयों को छुएगी: राजनाथ
Modified Date: May 12, 2026 / 07:40 pm IST
Published Date: May 12, 2026 7:40 pm IST

(फोटो के साथ)

गुवाहाटी, 12 मई (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम में बनी राजग सरकार विकास, समावेशी विकास और समृद्धि की नयी ऊंचाइयों को छुएगी।

यहां शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए सिंह ने शर्मा के आगामी कार्यकाल के सफल और प्रभावशाली रहने की कामना की।

सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और उनके कुशल नेतृत्व में असम विकास, समावेशी विकास और समृद्धि की नयी ऊंचाइयों को छुएगा।’’

शर्मा ने सिंह द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार एक बेहतर और उज्ज्वल असम के निर्माण की दिशा में काम करना जारी रखेगी।

शर्मा ने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए असम के मुख्यमंत्री के रूप में मंगलवार को शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में राजग की सरकार बन गई है।

उनके साथ चार विधायकों ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली जिनमें भाजपा के अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, सहयोगी दल असम गण परिषद (अगप) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो शामिल हैं।

राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा क्षेत्र में वेटरनरी मैदान में आयोजित एक समारोह में शर्मा और चारों विधायकों को पद की शपथ दिलाई।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में