बम धमकियां मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा

बम धमकियां मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा

बम धमकियां मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा
Modified Date: April 16, 2026 / 08:31 pm IST
Published Date: April 16, 2026 8:31 pm IST

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) दिल्ली विधानसभा को बार-बार बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के मद्देनजर विधानसभा अध्यक्ष को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।

दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने एक बयान में कहा कि बजट सत्र के बाद से बम संबंधी धमकियां आने और हाल में विधानसभा की सुरक्षा में चूक के बाद, अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की सुरक्षा को बढ़ाकर ‘जेड’ श्रेणी का कर दिया गया है।

विधानसभा सचिवालय और अध्यक्ष के कार्यालय को 23 मार्च को शुरू हुए बजट सत्र के बाद से छह-सात धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इसके बाद यह कदम उठाया गया है।

इसके अलावा हाल में एक व्यक्ति अपनी कार से विधानसभा के गेट नंबर दो पर लगे अवरोधक को तोड़ते हुए परिसर में घुस गया था और वहां अध्यक्ष के कार्यालय के पास गुलदस्ता और माला रखकर वापस लौट गया।

‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा के तहत, गुप्ता को एक विशेष टीम द्वारा 24 घंटे सुरक्षा प्रदान की जाएगी। एक ‘एस्कॉर्ट’ कार भी उनके साथ रहेगी।

अधिकारियों ने बताया कि अध्यक्ष को दिल्ली पुलिस द्वारा फिलहाल एक सुरक्षा अधिकारी मुहैया कराया गया है।

‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा में लगभग 22 कर्मी शामिल होते हैं, जिनमें निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ), एस्कॉर्ट, निगरानी कर्मचारी और लगभग आठ स्थायी सशस्त्र गार्ड शामिल हैं।

बयान में कहा गया है कि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह से विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा करने की प्रक्रिया जारी है।

बयान के अनुसार, विधानसभा परिसर के भीतर निरंतर गश्त और किसी भी संभावित खतरे को तुरंत निष्क्रिय करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक त्वरित कार्रवाई टीम को तैनात किया गया है।

इसके अलावा, परिसर में प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों और सामान की अनिवार्य जांच के लिए प्रत्येक प्रवेश/निकास द्वार पर स्वचालित ‘‘बूम बैरियर’’ लगाए जा रहे हैं।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में