राजस्थान की हर ग्राम पंचायत में बनेंगे अटल ज्ञान केंद्र: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
राजस्थान की हर ग्राम पंचायत में बनेंगे अटल ज्ञान केंद्र: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर, दो सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की बुधवार को घोषणा की।
उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए सड़क, रोजगार, शिक्षा, खेल, सिंचाई और किसान कल्याण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
शर्मा ने यहां अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा तैयार करने के साथ रोजगार, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, आजीविका और सामुदायिक सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर करना है।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं का चयन स्थानीय जरूरतों और जन उपयोगिता के आधार पर किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत करीब 3,219 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा जिनमें 1,500 किलोमीटर सड़कें वर्ष 2026-27 में बनाने का लक्ष्य है एवं शेष सड़कों का निर्माण अगले वर्ष किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अटल प्रगति पथ योजना के तहत 5,000 से अधिक आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में सीमेंट-कंक्रीट की सड़कें बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 1,681 करोड़ रुपये की लागत के 764 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 309 कार्य पूरे हो चुके हैं।
शर्मा ने कहा कि फिलहाल विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 7.22 लाख श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.30 लाख अधिक है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो महीनों में करीब 215 लाख मानव दिवस का रोजगार सृजित हुआ है तथा इनमें महिलाओं की भागीदारी 72 प्रतिशत से अधिक रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गांवों में अब तक 9,134 खेल मैदान विकसित किए जा चुके हैं, जबकि 2,221 अन्य खेल मैदानों का काम जल्द पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 228 करोड़ रुपये की लागत से 457 अमृत संजीवनी पार्क विकसित किए जा रहे हैं तथा 28,342 मॉडल तालाब और अमृत सरोवरों का काम चल रहा है।
शर्मा के अनुसार, 550 करोड़ रुपये की लागत से 11,000 से अधिक अमृत पोषण वाटिकाएं विकसित की जाएंगी जिनमें से 8,501 कार्यों के लिए 237 करोड़ रुपये की स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों की बिक्री और विपणन को बढ़ावा देने के लिए सरकार 457 अमृत ग्रामीण हाट भी स्थापित करेगी।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता तथा कृषि, ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
भाषा बाकोलिया
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


