ब्रिगेडियर पर हमला: उपराज्यपाल ने सैन्य अधिकारी व परिवार को सुरक्षा देने का पुलिस को निर्देश दिया

Ads

ब्रिगेडियर पर हमला: उपराज्यपाल ने सैन्य अधिकारी व परिवार को सुरक्षा देने का पुलिस को निर्देश दिया

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 02:51 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 02:51 PM IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने यहां वसंत एन्क्लेव इलाके में थल सेना के ब्रिगेडियर और उनके बेटे पर हुए हमले के मद्देनजर दिल्ली पुलिस को उन्हें और उनके परिवार को पूरी सुरक्षा प्रदान करने का मंगलवार को निर्देश दिया।

संधू ने घटना पर चिंता व्यक्त की और अधिकारी से बात भी की।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में सेना के एक ब्रिगेडियर और उनके आईआईटी स्नातक बेटे पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला किया, जबकि उनकी पत्नी को धमकी दी। यह घटना तब हुई जब अधिकारी ने अपने घर के पास खड़ी एक कार में शराब पी रहे दो लोगों का विरोध किया। यह घटना 11 अप्रैल को हुई थी।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ मैंने व्यक्तिगत रूप से ब्रिगेडियर पी.एस. अरोड़ा से बात कर घटना की जानकारी ली और उनका कुशलक्षेम पूछा। मैंने पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) से भी बात की और उन्हें निर्देश दिया कि वे घटना की गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ तत्काल और उचित कार्रवाई की जा सके।”

संधू ने कहा कि उन्होंने दिल्ली पुलिस को सैन्य अधिकारी और उनके परिवार को पूरी सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया है। उपराज्यपाल ने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून के शासन को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।

भाषा नोमान अविनाश

अविनाश