नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर मंगलवार को निशाना साधते हुए उनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणियों को ‘बेहद शर्मनाक’ करार दिया।
भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता और उनकी पार्टी तब तक ‘‘आरोपों की राजनीति’’ करने से पीछे नहीं हटेंगे जब तक कि वे चुनाव हारने का शतक नहीं बना लेते।’’
नयी दिल्ली सीट से भाजपा की लोकसभा सदस्य बांसुरी स्वराज ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश की जनता अब तक 95 चुनावों में राहुल गांधी की विभाजनकारी राजनीति को पहले ही खारिज कर चुकी है।’’
राहुल गांधी ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर मोदी पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी का नियंत्रण (अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड) ट्रंप के हाथों में है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के कृषि क्षेत्र को अमेरिका के लिए खोल दिया है, जिससे उसे (अमेरिका को) भारत में अपनी कृषि उपज बेचने की अनुमति मिल गई है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘भारत का कृषि क्षेत्र तबाह हो जाएगा। मोदी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में भारत को बेच दिया। वह देशभक्त नहीं, देशद्रोही हैं।’’
गांधी की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्वराज ने कहा, ‘‘नेता प्रतिपक्ष द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा वास्तव में शर्मनाक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी दबाव में नहीं हैं, बल्कि प्रतिबद्ध हैं। इसीलिए राहुल गांधी भ्रमित हैं। ’’
भाजपा सांसद ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी को याद दिलाना चाहूंगी कि देश के मतदाताओं ने बार-बार मोदीजी के अथक प्रयासों और विकासात्मक नीतियों को मान्यता देते हुए जनादेश दिया है, जिससे मोदी सरकार में उनका गहरा विश्वास प्रदर्शित होता है।’’
उन्होंने कहा कि देश की जनता ने अब तक हुए 95 चुनावों में गांधी की ‘‘विभाजनकारी राजनीति’’ को खारिज कर दिया है।
स्वराज ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राहुल गांधी और कांग्रेस तब तक नहीं रुकेंगे जब तक वे (चुनाव में हार का) शतक नहीं बना लेते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी से यह कहना चाहूंगी कि आप आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगे रह सकते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी परिणामोन्मुखी राष्ट्रीय नीति पर काम करते रहेंगे। आप सुर्खियां बटोरने के लिए बोलते रहिए, मोदी जी देश के लिए काम करते रहेंगे।’’
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश