राष्ट्रपति को मिले 300 उपहारों की नीलामी पांच अगस्त से होगी शुरू

Ads

राष्ट्रपति को मिले 300 उपहारों की नीलामी पांच अगस्त से होगी शुरू

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 08:08 PM IST

नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में दिए गए स्मृति चिन्ह समेत 300 उपहारों की ई-नीलामी पांच अगस्त को शुरू होगी।

राष्ट्रपति भवन ने एक विज्ञप्ति में कहा कि राष्ट्रपति के रूप में मुर्मू का चार साल का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर मंगलवार को शुरू की गई यह पहल सार्वजनिक सेवा, समावेशिता और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की साझा भावना को दर्शाती है।

मुर्मू (68) ने 25 जुलाई 2022 को देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति हैं।

राष्ट्रपति भवन ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘राष्ट्रपति पद पर चार साल पूरे होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ई-उपहार के तीसरे संस्करण की शुरुआत की। इसमें सार्वजनिक नीलामी के लिए राष्ट्रपति को मिले 300 चुने हुए उपहार शामिल हैं। यह नीलामी पांच अगस्त से पांच सितंबर 2026 तक चलेगी। नीलामी से मिलने वाली पूरी राशि सामाजिक कार्यों में सहायता के लिए इस्तेमाल की जाएगी।’

नीलामी में शामिल वस्तुओं में से एक ‘ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में दिया गया स्मृति चिन्ह’ भी है। महायोगी गुरु गोरखनाथ जी की पेंटिंग, त्रिपुरा स्थित श्री त्रिपुरेश्वरी देवी मंदिर की प्रतिकृति, राजस्थानी लघु चित्रकला और गौतम बुद्ध की फ्रेम वाली पेंटिंग भी नीलामी के लिए उपलब्ध होगी।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश