चेन्नई, 28 जून (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने आगामी उत्तर-पूर्वी मानसून के मद्देनजर तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शहर भर में चल रहे सभी जलनिकासी कार्य अगस्त तक पूरी तरह से संपन्न कर लिए जाएं।
ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन के सूत्रों ने बताया कि आयुक्त जी. एस. समीरन ने अन्य प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के साथ-साथ नहरों और तालाबों से गाद निकालने तथा बाढ़ सुरक्षा दीवारों के पुनर्निर्माण सहित मानसून पूर्व एहतियाती उपायों का मुल्यांकन किया।
समीरन ने इस बात पर जोर दिया कि जल निकासी नेटवर्क में छूटे हुए संपर्क बिंदुओं को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने एक लाख से अधिक ‘सिल्ट कैच पिट्स’ (कचरा रोकने और वर्षा जल के निर्बाध प्रवाह के लिए बनाए गए गड्ढे) की लगातार गाद निकासी के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर के सभी 44 प्रमुख जलमार्गों में नियमित रूप से गाद निकालने का कार्य किया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को उन प्रमुख अवरोध बिंदुओं पर सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं, जहां जल निकासी प्रणाली नहरों से जुड़ती है तथा जहां जलप्रवाह अड्यार नदी, कूवम नदी और बकिंघम नहर में प्रवाहित होता है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन