टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ईवी पर बड़ा दांव लगाएगी, 2030-31 तक चार नए मॉडल लाने की योजना

Ads

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ईवी पर बड़ा दांव लगाएगी, 2030-31 तक चार नए मॉडल लाने की योजना

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 11:22 AM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 11:22 AM IST

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का चलन अपने ‘अर्ली अडॉप्टर्स’ चरण को पार कर गया है। ऐसे में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स बिजलीचालित वाहन खंड में अपनी अग्रणी स्थिति को बनाए रखने के लिए वित्त वर्ष 2030-31 तक चार नए ईवी उत्पाद और 10 से ज्यादा उन्नत संस्करण वाले मॉडल लाने की तैयारी कर रही है।

‘अर्ली अडॉप्टर्स’ वे ग्राहक हैं जो प्रतिस्पर्धी बढ़त पाने के लिए कोई नया विचार या प्रौद्योगिकी चुनते हैं।

निवेशकों के समक्ष एक प्रस्तुतीकरण में कंपनी ने कहा कि वह अपने इलेक्ट्रिक वाहन खंड में वृद्धि के अगले चरण की तैयारी कर रही है, और 2030-31 तक 30 प्रतिशत से ज्यादा की ईवी पहुंच पर नजर रखे हुए है।

कंपनी ने कहा, ‘‘अभी, ईवी पर ‘अर्ली मैजोरिटी’ विचार कर रही है। हम अर्ली और लेट मैजोरिटी ग्राहकों के बीच ईवी को बढ़ावा देने के लिए अपने उत्पादों को बेहतर बनाएंगे।’’

‘अर्ली मैजोरिटी’ ग्राहक वे होते हैं जिन्हें खरीदने से पहले सफल ‘केस स्टडीज’ देखने की जरूरत होती है, जबकि ‘लेट मैजोरिटी’ वाले ग्राहक आम आदमी के नए विचार या प्रौद्योगिकी को अपनाने के बाद ही उसे स्वीकार करते हैं।

कंपनी का कहना है कि भारत का ईवी बाजार अर्ली अडॉप्टर्स से अर्ली मैजोरटी की ओर स्थानांतरित हो गया है।

कंपनी के मुताबिक, ईवी के बाजार में अर्ली अडॉप्टर्स की हिस्सेदारी 13.5 प्रतिशत है, जबकि अर्ली मैजोरटी और लेट मैजोरटी का हिस्सा 34-34 प्रतिशत है। वहीं पीछे रहने वालों की संख्या 16 प्रतिशत है। नवोन्मेषक की संख्या ढाई प्र्रतिशत है।

नवोन्मेषक जोखिम लेने वाले होते हैं जो नई चीज़ें सबसे पहले आजमाना पसंद करते हैं, जबकि पीछे रहने वाले ग्राहक परंपरागत होते हैं जो बदलाव का विरोध करते हैं और उसे सबसे आखिर में स्वीकार करते हैं।

भविष्य की वृद्धि को बढ़ाने के लिए कंपनी ने प्रस्तुतीकरण में कहा गया , ‘‘2030-31 तक, हमारे पास 10 ईवी गाड़ियों का पोर्टफोलियो होगा। हमारे पोर्टफोलियो को पूरी तरह से मजबूत करने के लिए वृद्धि के अगले चरण के लिए हम लगातार नई पेशकश लाएंगे।’’

कंपनी के मौजूदा ईवी पोर्टफोलियो में एक्सप्रेस-टी, कर्व.ईवी, हैरियर ईवी, नेक्सॉन ईवी, पंच ईवी और टियागो ईवी शामिल हैं।

कंपनी की योजना 2030-31 तक चार नए ईवी उत्पाद जोड़ने और 10 से ज्यादा उन्नत संस्करण वाले मॉडल पेश करने की है। आने वाले उत्पादों में सिएरा.ईवी शामिल है, जो इसके अविन्या कॉन्सेप्ट पर आधारित एक उत्पाद है और दो अन्य मॉडल हैं।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने कहा कि वह अपनी ईवी की श्रृंखला की रेंज को दो से तीन गुना और तेज चार्जिंग को तीन गुना बढ़ाने के लिए भी काम कर रही है। साथ ही बैटरी की ऊर्जा गहनता को 20-23 प्रतिशत तक बढ़ा रही है।

भाषा अजय अजय

अजय