दिल्ली में अगस्त: सामान्य से ज्यादा बारिश, गर्म रातें व तीन साल में सबसे ज़्यादा एक्यूआई

दिल्ली में अगस्त: सामान्य से ज्यादा बारिश, गर्म रातें व तीन साल में सबसे ज़्यादा एक्यूआई

दिल्ली में अगस्त: सामान्य से ज्यादा बारिश, गर्म रातें व तीन साल में सबसे ज़्यादा एक्यूआई
Modified Date: August 29, 2026 / 09:23 pm IST
Published Date: August 29, 2026 9:23 pm IST

नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) बारिश वाले दिनों से लेकर गर्म रातों तक, इस साल दिल्ली के लिए अगस्त का महीना अलग रहा है: इस माह बारिश पहले ही मौसम के औसत से ज्यादा हो चुकी है, दिन और रात का तापमान ज्यादा बना हुआ है, तथा महीने का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक पिछले तीन सालों में सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मॉनसून की शुरुआत से सफदरजंग में 653.9 मिमी बारिश हुई है, जबकि दीर्घकालिक औसत 506.7 मिमी है; इस तरह 147.2 मिमी या 29 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है।

आईएमडी ने कहा कि राजधानी में अगस्त के पहले हफ्ते में पिछले 15 सालों में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। महीने के पहले सात दिनों में 127 मिमी बारिश हुई, जो 2011 के बाद से इस अवधि के लिए सबसे ज्यादा है। 25 अगस्त को एक ही दिन में बहुत भारी बारिश हुई, जब सफदरजंग में 24 घंटों में 99.1 मिमी बारिश दर्ज की गई; यह दो सालों में अगस्त के किसी एक दिन में हुई सबसे ज़्यादा बारिश थी।

इससे पहले सफदरजंग में अगस्त महीने में सबसे ज़्यादा बारिश एक अगस्त 2024 को दर्ज की गई थी, जब वहां 107.6 मिमी बारिश हुई थी। शहर के ज़्यादातर मौसम केंद्रों पर मौसम के हिसाब से सामान्य से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई है।

पालम में मौसम के हिसाब से सामान्य 482.1 मिमी के मुकाबले 533.2 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 11 प्रतिशत ज़्यादा है। लोधी रोड पर 506.7 मिमी के मुकाबले 648.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 28 प्रतिशत ज्यादा है।

रिज में सामान्य 432.1 मिमी के मुकाबले 703.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 63 प्रतिशत ज़्यादा है, जबकि अयानगर में 431.3 मिमी के मुकाबले 686.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 59 प्रतिशत ज़्यादा है।

आईएमडी के अनुसार, अगस्त का महीना सामान्य से काफी ज्यादा बारिश वाला रहा। सफदरजंग में इस महीने 354.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 222.9 मिमी होती है; यानी 131.2 मिमी या 59 प्रतिशत ज़्यादा बारिश हुई। पालम में अगस्त की सामान्य बारिश 207.6 मिमी के मुकाबले 300.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 45 प्रतिशत ज़्यादा है, वहीं लोधी रोड पर 222.9 मिमी के मुकाबले 332 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 49 प्रतिशत ज़्यादा है।

बार-बार बारिश होने के बावजूद तापमान ज़्यादा बना रहा।

सफदरजंग में 29 अगस्त तक औसत अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दो सालों में सबसे ज़्यादा है। आईएमडी ने बताया कि इससे पहले औसत अधिकतम तापमान 2023 में ज्यादा था, जब यह 35.4 डिग्री सेल्सियस था।

2024 में यह 34.1 डिग्री सेल्सियस था।

औसत न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2023 के बराबर और तब से अब तक का सबसे ज़्यादा है। इससे पहले यह 2018 में ज़्यादा था, जब औसत न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

पूरे महीने हवा की गुणवत्ता भी मिली-जुली रही।

‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ के एक अध्ययन में पाया गया कि अगस्त के 28 दिनों में दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 92 रहा, जो 2023 के बाद से सबसे ज़्यादा है। अध्ययन के मुताबिक, महीने का औसत ज़्यादा होने के बावजूद, 28 में से 19 दिन हवा की गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में थी, जबकि बाकी नौ दिन ‘मध्यम’ रही। अगस्त 2023 में, आठ दिन ‘संतोषजनक’ श्रेणी में थे, जबकि 23 दिन ‘मध्यम’ थे।

इस अगस्त में भी अधिकतम एक्यूआई 129 तक पहुंच गया, जो 2023 के बाद सबसे ज़्यादा है; उस समय अधिकतम एक्यूआई 186 था।

भाषा प्रशांत माधव

माधव


लेखक के बारे में