उत्तर-पश्चिम दिल्ली में मौसी ने करीब दो साल के भांजे की गला घोंटकर हत्या की

Ads

उत्तर-पश्चिम दिल्ली में मौसी ने करीब दो साल के भांजे की गला घोंटकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - February 20, 2026 / 05:57 PM IST,
    Updated On - February 20, 2026 / 05:57 PM IST

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक पार्क में एक महिला ने अपने एक साल नौ महीने के भांजे की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 30 वर्षीय महिला कथित तौर पर अवसाद से पीड़ित है और उसने मुखर्जी नगर के एक पार्क में बच्चे पर हमला किया, जहां वह उसे खेलने के लिए लेकर गई थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय निवासी ने घटना को देखा, बच्चे को बचाया और उसे पास के एक निजी अस्पताल में ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से दोपहर करीब डेढ़ बजे मुखर्जी नगर थाने को दी गई।

मृतक की पहचान पुराने सीलमपुर निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बच्चा अपनी मां के साथ ननिहाल आया था।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में पीसीआर कॉल बच्चे के मामा ने की थी, और बताया कि आरोपी घटनास्थल पर बेहोश मिली है। वह अविवाहित है।

उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और घटनाओं का क्रम जानने और घटना के मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा