द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए ऑस्ट्रिया के चांसलर अगले हफ्ते भारत आएंगे

Ads

द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए ऑस्ट्रिया के चांसलर अगले हफ्ते भारत आएंगे

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 08:35 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) ऑस्ट्रिया के संघीय चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर 14 अप्रैल से भारत की चार-दिवसीय यात्रा पर आएंगे, जिसका उद्देश्य व्यापार, निवेश और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करना है।

विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि ऑस्ट्रिया के शीर्ष नेता, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भारत-ऑस्ट्रिया द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से बातचीत करेंगे और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।

स्टॉकर की यह यात्रा एशिया की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा होगी और साथ भारत की भी उनकी पहली यात्रा होगी।

ऑस्ट्रियाई नेता के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा, जिसमें अर्थव्यवस्था, ऊर्जा और पर्यटन के संघीय मंत्री वोल्फगैंग हैटमैनडॉर्फर, वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख कारोबारी शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और संघीय चांसलर क्रिश्चियन स्टॉकर कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘वे परस्पर हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे, जिसमें बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग भी शामिल है। प्रधानमंत्री, गणमान्य अतिथि के सम्मान में दोपहर के भोज का आयोजन करेंगे।’’

स्टॉकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।

भाषा सुभाष माधव

माधव

ताजा खबर