मॉरीशस को तेल और गैस की आपूर्ति के लिए समझौते को अंतिम रूप दे रहा भारत : जयशंकर

Ads

मॉरीशस को तेल और गैस की आपूर्ति के लिए समझौते को अंतिम रूप दे रहा भारत : जयशंकर

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 01:19 AM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 01:19 AM IST

पोर्ट लुईस, नौ अप्रैल (भाषा) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण उत्पन्न संकट के बीच मॉरीशस की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत उसे तेल और गैस की आपूर्ति के वास्ते एक समझौते को अंतिम रूप दे रहा है।

जयशंकर नौवें हिंद महासागर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मॉरीशस में हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट ने, जैसा कि मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने उन्हें याद दिलाया, रणनीतिक साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया है, खासकर ऊर्जा क्षेत्र में।

विदेश मंत्री ने कहा, “हम तेल और गैस की आपूर्ति के लिए सरकार-से-सरकार समझौते को अंतिम रूप दे रहे हैं, जो मॉरीशस के लिए ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

जयशंकर ने कहा कि उन्हें यह जानकर भी खुशी हुई कि एक भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम मॉरीशस की पहली तैरती सौर ऊर्जा परियोजना विकसित कर रहा है।

विदेश मंत्री ने कहा, “भारत और मॉरीशस के बीच स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण के अनुकूल समाधानों के क्षेत्र में एक विस्तृत और गतिशील साझेदारी हैं।”

भाषा पारुल राजकुमार

राजकुमार