मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी

Ads

मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 12:35 AM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 12:35 AM IST

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई, नौ अप्रैल (भाषा) मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) के टर्मिनल एक पर बृहस्पतिवार शाम ‘शॉट सर्किट’ के कारण आग लग गई, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सीएसएमआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि आग पर रात नौ बजकर 20 मिनट पर काबू पा लिया गया लेकिन उड़ानों का परिचालन अप्रभावित रहा।

हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बताया कि करीब छह बजकर 10 मिनट पर आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। उन्होंने बताया आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने कुछ ही मिनट में आग पर काबू पा लिया।

मुंबई अग्निशमन विभाग के प्रमुख रविंद्र आंबुलगेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हवाई अड्डे पर केबलों और पैनलों में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।

उन्होंने कहा, ‘‘आग बिजली आपूर्ति करने वाले केबलों और पैनलों में लगी।’’

हालांकि, सूत्रों का दावा है कि आग टर्मिनल एक के एक ‘एअरोब्रिज’ पर लगी।

आंबुलगेकर के अनुसार, अग्निशमन विभाग ने ‘लेवल-1’ (मामूली) आग की सूचना दी थी, जिसके तहत आमतौर पर कम से कम दमकल के चार और अन्य अग्निशमन वाहन मौके पर भेजे जाते हैं।

आंबुलगेकर ने कहा, ‘‘आग बुझा दी गई है। इस दुर्घटना में कोई नहीं झुलसा।’’

सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ वीडियो में आग से प्रभावित जगह से काला धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा था। हवाई अड्डे के टर्मिनल के अंदर भी धुआं देखा जा सकता था।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि आग भूतल पर लगे बिजली के उपकरणों तक ही सीमित रही।

अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन अभियान लगभग तीन घंटे तक चला और रात करीब 9.20 बजे आग पर काबू पा लिया गया।

भाषा

राखी राजकुमार

राजकुमार