‘एक्सिस माय इंडिया’ ने टीवीके की ‘आश्चर्यजनक’ जीत की सटीक भविष्यवाणी की

‘एक्सिस माय इंडिया’ ने टीवीके की ‘आश्चर्यजनक’ जीत की सटीक भविष्यवाणी की

‘एक्सिस माय इंडिया’ ने टीवीके की ‘आश्चर्यजनक’ जीत की सटीक भविष्यवाणी की
Modified Date: May 5, 2026 / 01:03 am IST
Published Date: May 5, 2026 1:03 am IST

नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुडुचेरी पर हुए अधिकतर एग्जिट पोल के पूर्वानुमान सही साबित हुए, लेकिन ‘एक्सिस माई इंडिया’ नामक एजेंसी ने तमिलनाडु में टीवीके के शानदार चुनावी आगाज के सटीक पूर्वानुमान के साथ अपनी अलग पहचान बनाई।

पश्चिम बंगाल चुनावों की दिशा का अनुमान ज्यादातर एग्जिट पोल ने सही लगाया, जबकि ‘टुडेज चाणक्य’ और ‘प्रजा पोल’ ने भाजपा की जीत के पैमाने का सटीक अनुमान लगाया।

‘प्रजा पोल’ ने भाजपा के लिए बड़ी जीत की भविष्यवाणी करते हुए 178-208 सीटों का पूर्वानुमान लगाया। वहीं, ‘टुडेज चाणक्य’ ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के लिए 192 और टीएमसी के लिए 100 सीटों का पूर्वानुमान लगाया था, जिसमें 11 सीटों के अंतर का अनुमान जताया गया था।

तमिलनाडु में दो एग्जिट पोल ने त्रिशंकु विधानसभा की भविष्यवाणी करके सबका ध्यान खींचा था। ‘एक्सिस माई इंडिया’ ने सत्ताधारी द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए 92-110 सीटें, अन्नाद्रमुक नीत गठबंधन के लिए 22-23 सीटें और टीवीके (जो पहली बार चुनाव लड़ रही थी) के लिए 98-120 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था।

वहीं, ‘कामाख्या एनालिटिक्स’ ने द्रमुक गठबंधन को 78-95 सीटें, अन्नाद्रमुक गठबंधन को 68-84 सीटें और टीवीके को 67-81 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था।

कई एग्जिट पोल में द्रमुक की बड़ी जीत की भविष्यवाणी की गई थी, जो गलत साबित हुई। ‘पीपुल्स पल्स’ के अनुसार द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन को 125-145 सीटें, अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन को 65-80 सीटें और टीवीके को 18-24 सीटें मिलने का अनुमान था।

‘मैट्रिज़’ ने द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन को 122-132 सीटें, अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन को 87-100 सीटें और टीवीके को 10-12 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था। वहीं, ‘पी-मार्क’ ने द्रमुक नीत गठबंधन को 125-145 सीटें, अन्नाद्रमुक को 65-85 सीटें और टीवीके को 16-26 सीटें मिलने का अनुमान लगाया था।

कई एग्जिट पोल ने असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा की भारी जीत की भविष्यवाणी की, जबकि केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की 10 साल बाद वापसी का अनुमान लगाया था।

भाषा शफीक सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में