ईडी के ‘पत्र’ को लेकर आप और अकाली दल के बीच जुबानी जंग
ईडी के 'पत्र' को लेकर आप और अकाली दल के बीच जुबानी जंग
चंडीगढ़, 12 अगस्त (भाषा) पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा भेजे गए एक कथित पत्र को लेकर बुधवार को राज्य की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। इस पत्र में आप नेताओं के कथित करीबी एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया है।
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को लिखा गया ईडी का यह पत्र चंडीगढ़ स्थित एक आवासीय सोसाइटी और उसके सहयोगियों से जुड़े मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही जांच का हिस्सा है।
दूसरी ओर, इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘आप’ ने कहा कि अकाली दल पार्टी को बदनाम करने के मकसद से ईडी द्वारा डीजीपी को भेजे गए एक पत्र का इस्तेमाल कर रहा है।
मजीठिया ने आरोप लगाया कि सरकारी अधिकारियों के तबादलों और तैनातियों, हथियार लाइसेंस की मंजूरी तथा भूमि विवादों में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को लेकर ईडी ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीजीपी को पत्र लिखा है।
वहीं, पंजाब के वित्त मंत्री और ‘आप’ के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने ईडी और डीजीपी के बीच पत्राचार को लेकर अकाली दल के बयान की कड़ी आलोचना की।
चीमा ने आरोप लगाया कि अकाली दल अपने सिद्धांतों को पूरी तरह से भूल चुका है और अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व केंद्रीय जांच एजेंसियों के प्रवक्ता के रूप में काम कर रहा है।
भाषा सुमित अमित
अमित

Facebook


