बंगाल आग : शुभेंदु अधिकारी ने आसपास के इलाकों का किया दौरा, सरकार पर लापरवाही का आरोप

बंगाल आग : शुभेंदु अधिकारी ने आसपास के इलाकों का किया दौरा, सरकार पर लापरवाही का आरोप

बंगाल आग :  शुभेंदु अधिकारी ने आसपास के इलाकों का किया दौरा, सरकार पर लापरवाही का आरोप
Modified Date: January 29, 2026 / 09:22 pm IST
Published Date: January 29, 2026 9:22 pm IST

कोलकाता, 29 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में आग की घटना से प्रभावित नाजिराबाद इलाके का दौरा किया।

प्रभावित इलाके में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। भाजपा नेता को घटनास्थल पर जाने से पहले ही रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि वह कानून का पालन करेंगे।

दक्षिण 24 परगना जिले में मोमो बनाने की इकाई एवं उसके गोदाम में 26 जनवरी को लगी आग की घटना में कम से कम 21 लोगों की मौत हो चुकी है। बीएनएस की धारा 163 के तहत इलाके में पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ने पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं कानून का पालन करता हूं। मैं 100 मीटर की दूरी से स्थिति का अवलोकन करूंगा।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘यह घटना राज्य सरकार की लापरवाही के कारण घटी। दमकलकर्मी घटनास्थल पर देर से पहुंचे। इस घटना के बाद भी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सरकार सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही है।’’

इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।

अधिकारियों ने बताया कि 28 लोग अब भी लापता हैं, जिससे आशंका है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।

दमकल विभाग और फॉरेंसिक टीमें घटना के कारणों की जांच कर रही हैं।

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में