बंगाल: महिला की शिकायत पर तृणमूल के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला पर दुष्कर्म का मामला दर्ज
बंगाल: महिला की शिकायत पर तृणमूल के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला पर दुष्कर्म का मामला दर्ज
कोलकाता, 19 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले के जीवनतला पुलिस थाने में एक महिला की शिकायत के बाद तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के खिलाफ दुष्कर्म और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमें शिकायत मिली है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच की जा रही है।’’
उन्होंने बताया कि सोमवार को दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, कथित घटनाएं मार्च 2019 की हैं।
शिकायत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘महिला ने दावा किया कि उसके पांच साल के बेटे को कुछ असामाजिक तत्वों ने अगवा कर लिया था और उसे वापस लाने की कोशिश के दौरान वह आरोपियों में से एक के संपर्क में आई।’’
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि इसके बाद आरोपी ने कई बार उसका यौन शोषण और शारीरिक उत्पीड़न किया।
उन्होंने कहा, ‘‘उनमें से एक कथित तौर पर मोल्ला का चालक था, जबकि दूसरा चालक का भाई था। शिकायत करने वाली महिला ने चौथे आरोपी को मुख्य साज़िशकर्ता बताया है।’’
महिला का आरोप है कि उसे पहले एक गुप्त ठिकाने पर ले जाया गया, जहां चालक के भाई ने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया और मारपीट की।
पुलिसकर्मी ने बताया कि पीड़िता का आरोप है कि उसे धमकी दी गई थी कि अगर वह आरोपी की मांगें नहीं मानती है, तो उसे उसका बच्चा वापस नहीं मिलेगा।
पुलिसकर्मी ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया उसकी तस्वीरें ली गईं और वीडियो रिकॉर्ड किए गए और बाद में उनका इस्तेमाल ब्लैकमेल करने में किया गया।
उन्होंने कहा कि महिला को बार-बार धमकी दी गई कि अगर वह आरोपी की बात नहीं मानेगी, तो तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसे मोल्ला से जुड़ी एक जगह पर भेजा गया, जहां पूर्व विधायक ने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया। उसने मोल्ला के चालक पर भी यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया।
महिला ने पुलिस को बताया कि डर, बदनामी और अपनी सुरक्षा की चिंता के कारण वह वर्षों तक चुप रही।
उन्होंने कहा कि जांच के हिस्से के तौर पर शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए जाएंगे और शिकायत में बताए गए सभी आरोपों की पुष्टि की जाएगी।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


