बंगाल: सरकार ने जीटीए में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच नये प्रशासक की नियुक्ति की

बंगाल: सरकार ने जीटीए में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच नये प्रशासक की नियुक्ति की

बंगाल: सरकार ने जीटीए में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच नये प्रशासक की नियुक्ति की
Modified Date: September 8, 2026 / 07:29 pm IST
Published Date: September 8, 2026 7:29 pm IST

कोलकाता, आठ सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) के प्रधान सचिव स्मृतिरंजन मोहंती को अगले आदेश तक निकाय का प्रशासक नियुक्त किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

राज्य के गृह एवं पहाड़ी मामलों के विभाग की ओर से सोमवार को जारी राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से मोहंती की नियुक्ति को औपचारिक रूप दिया गया।

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब 2022 में हुए पिछले चुनावों के बाद से गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन में व्यापक भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सिलीगुड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कालिम्पोंग में प्रशासनिक बैठक को संबोधित करते हुए गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन में कथित भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी, जिसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया।

उन्होंने कहा कि गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, ‘अमृत’ पेयजल परियोजना और लेपचा तथा तमांग बोर्ड समेत 11 विकास बोर्ड के लिए जारी धन के कथित गबन की गहन जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति बिस्वजीत बसु की अध्यक्षता वाली जांच समिति ने अपनी जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने सरकारी धन की लूट की है, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और पैसा वापस वसूला जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”

प्रशासक की नियुक्ति 17 जून को गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनित थापा के इस्तीफे के बाद की गई है।

थापा, दार्जिलिंग पहाड़ियों में सक्रिय पार्टी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के संस्थापक भी हैं।

यह पार्टी ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा थी।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में