बंगाल: महुआ मोइत्रा को दिखाए गये काले झंड़े, तृणमूल के बागी विधायक पर उठाई उंगली
बंगाल: महुआ मोइत्रा को दिखाए गये काले झंड़े, तृणमूल के बागी विधायक पर उठाई उंगली
छपरा (पश्चिम बंगाल), एक सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल में नादिया जिले के कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र के छपरा इलाके में पहुंची तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा।
इस दौरान कुछ लोगों ने महुआ की गाड़ी को कथित तौर पर घेर लिया, उन्हें काले झंडे दिखाए और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए।
यह घटना उस समय हुई, जब महुआ मोइत्रा पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए छपरा में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने गई थीं।
विरोध के बाद महुआ मोइत्रा और तृणमूल के बागी स्थानीय विधायक जाबेर शेख के बीच तीखी बहस भी हुई। जाबेर शेख अब विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट के साथ हैं।
महुआ मोइत्रा ने बाद में कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बहुत सफल रही।
उन्होंने बताया कि इलाके में तृणमूल संगठन को मजबूत और दोबारा व्यवस्थित करने के लिए यह बैठक की गई थी।
महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के पीछे जाबेर शेख और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हाथ था।
उन्होंने बागी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, “जिन लोगों ने तृणमूल के चुनाव चिह्न पर जीत हासिल करने के बाद पार्टी छोड़ी है, वे गद्दार हैं।”
वहीं, जाबेर शेख ने कहा कि स्थानीय लोग महुआ मोइत्रा के काम से संतुष्ट नहीं हैं और उनके प्रदर्शन के खिलाफ विरोध कर रहे थे।
महुआ मोइत्रा ने कहा कि जिला परिषद के जिन सदस्यों की गतिविधियां पार्टी के हितों के खिलाफ पाई जाएंगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने हालांकि महुआ मोइत्रा के आरोपों को खारिज कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके की कई समस्याओं के लिए महुआ मोइत्रा खुद जिम्मेदार हैं।
भाजपा नेता गोपाल दास और स्थानीय निवासी अंबरजीत रॉय ने आरोप लगाया कि इलाके में जबरन वसूली व राजनीतिक अशांति बढ़ गई है और मौजूदा स्थिति में महुआ मोइत्रा की भी भूमिका है।
उन्होंने यह भी कहा कि विरोध प्रदर्शन किसी के कहने पर नहीं, बल्कि लोगों ने खुद किया था।
इन लोगों ने कहा कि यह प्रदर्शन हिंदू देवी-देवताओं के बारे में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों या कृत्यों के विरोध में किया गया था।
इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव

Facebook


