बंगाल: तृणमूल विधायक ने काफिले पर हमले का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी

Ads

बंगाल: तृणमूल विधायक ने काफिले पर हमले का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 09:01 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 09:01 PM IST

कोलकाता, 22 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक ने रविवार को आरोप लगाया कि बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर देसी बम फेंके और गोलीबारी की। पुलिस ने यह जानकारी दी।

विधायक सौकत मुल्ला ने दावा किया कि यह हमला शनिवार शाम को भांगर में उस समय हुआ, जब वह एक पार्टी सहयोगी पर कथित तौर पर इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) समर्थकों द्वारा किए गए हमले के संबंध में पोलरहाट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद घर लौट रहे थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि मुल्ला के काफिले में शामिल एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और इलाके से दो देसी बम और बम बनाने की सामग्री बरामद की।

मुल्ला ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे आईएसएफ के समर्थक थे।

उन्होंने बताया कि इससे पहले शाम को भांगर निर्वाचन क्षेत्र के दक्षिण गाजीपुर गांव में एक सभा के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया था, जिसमें कई लोग घायल हो गए और एक स्थानीय पार्टी पदाधिकारी की हालत गंभीर है।

विधायक ने आरोप लगाया कि हिंसा को आईएसएफ विधायक नवसाद सिद्दीकी ने भड़काया था। हालांकि, सिद्दीकी ने आरोप से इनकार किया है।

भाषा तान्या सुभाष

सुभाष