बेंगलुरु, दो जुलाई (भाषा) इसरो के मुख्यालय को बृहस्पतिवार को भेजे गए बम की धमकी वाले ईमेल के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि धमकी मिलने के बाद श्वान दस्ता एवं बम का पता लगाने और उसे नष्ट करने वाले दस्ते (बीडीडीएस) के साथ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, न्यू बीईएल रोड पर स्थित इसरो मुख्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक ईमेल आया, जिसमें दावा किया गया कि इसरो कार्यालय में बम धमाका किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, एहतियात के तौर पर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया और इमारत की अच्छी तरह से तलाशी ली गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और धमकी झूठी निकली।
उन्होंने बताया कि इसरो मुख्यालय के प्रशासनिक अधिकारी की शिकायत के आधार पर संजय नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि संजय नगर थाना ईमेल के स्रोत और अन्य विवरणों की जांच कर रहा है। मामले में जांच जारी है।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश