बेंगलुरु पुलिस ने अपने कर्मियों के स्वास्थ्य, कल्याण के लिए ‘प्रोजेक्ट खुशी’ की शुरुआत की
बेंगलुरु पुलिस ने अपने कर्मियों के स्वास्थ्य, कल्याण के लिए ‘प्रोजेक्ट खुशी’ की शुरुआत की
बेंगलुरु, आठ सितंबर (भाषा) बेंगलुरु सिटी पुलिस ने अपने कर्मियों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘प्रोजेक्ट खुशी’ की शुरुआत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का परीक्षण सितंबर 2025 में किया गया था, जिसमें शामिल प्रतिभागियों के स्वास्थ्य और कल्याण में उल्लेखनीय सुधार देखा गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद बेंगलुरु सिटी पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा, ‘‘हमने तीन महीने के इस कार्यक्रम से अपने कर्मियों को लाभान्वित होते देखा है। हमारा लक्ष्य उन्हें स्वस्थ जीवन जीने के लिए लंबे समय तक अपनाई जाने वाली अच्छी आदतें विकसित करने में मदद करना है।’’
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस डिवीजन से शुरू की गई इस पहल का विस्तार अब अधिक कर्मियों तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिस बल को लाभ पहुंचाने वाले सुव्यवस्थित स्वास्थ्य संबंधी उपायों के जरिए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, बेंगलुरु सिटी पुलिस कर्मियों के बीच स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए ‘प्रोजेक्ट खुशी’ को हैप्पिएस्ट हेल्थ, टाइटन कंपनी लिमिटेड और बेंगलुरु इंदिरा नगर रोटरी ट्रस्ट द्वारा लागू किया जा रहा है।
बयान में कहा गया कि हैप्पिएस्ट हेल्थ एकीकृत स्वास्थ्य सेवा, स्वास्थ्य कल्याण, जांच, डिजिटल स्वास्थ्य और ज्ञान आधारित उद्यम है।
इसमें कहा गया कि सितंबर 2025 में किए गए परीक्षण कार्यक्रम से पहले और बाद में किए गए स्वास्थ्य आकलन में सामने आया कि 61 प्रतिशत प्रतिभागियों के रक्त शर्करा स्तर में कमी आई, 70 प्रतिशत कर्मियों में विटामिन बी12 की कमी दूर हुई और 59 प्रतिशत प्रतिभागियों का वजन 0.5 किलोग्राम से 6.1 किलोग्राम तक कम हुआ।
प्रतिभागियों ने तनाव से निपटने, नींद, पाचन, शारीरिक गतिविधि और ऊर्जा के स्तर में सुधार की जानकारी दी। इससे साधारण और लंबे समय तक अपनाई जा सकने वाली जीवनशैली में बदलाव के प्रभाव का पता चलता है।
हैप्पिएस्ट हेल्थ नॉलेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और मुख्य संपादक रघु कृष्णन ने कहा, ‘‘बेंगलुरु सिटी पुलिस के साथ हमारी परीक्षण परियोजना से पता चला है कि यदि हम लोगों को अच्छी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करें तो इससे उन्हें स्वस्थ जीवन जीने में मदद मिलती है।’’
पुलिस ने बताया कि इस कार्यक्रम में तीन साल में 600 प्रतिभागी शामिल होंगे। पहले बैच के लिए आठ सितंबर से छह दिसंबर, 2026 तक तीन महीने का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किया जाएगा, जिसमें डिजिटल के साथ-साथ नियमित प्रत्यक्ष सत्र भी शामिल होंगे।
भाषा आशीष वैभव
वैभव

Facebook


