बेंगलुरु पुलिस नियमों के पालन की जांच के लिए सभी ‘डे केयर’ केंद्रों का निरीक्षण करेगी

बेंगलुरु पुलिस नियमों के पालन की जांच के लिए सभी ‘डे केयर’ केंद्रों का निरीक्षण करेगी

बेंगलुरु पुलिस नियमों के पालन की जांच के लिए सभी ‘डे केयर’ केंद्रों का निरीक्षण करेगी
Modified Date: July 2, 2026 / 05:15 pm IST
Published Date: July 2, 2026 5:15 pm IST

बेंगलुरु, दो जुलाई (भाषा) बेंगलुरु में एक आईटी कंपनी परिसर के अंदर मौजूद ‘डे केयर’ केंद्र में छोटे बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद, बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को भरोसा दिलाया कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाएगी कि अन्य ‘डे-केयर’ केंद्र तय नियमों और कानूनों का पालन करते हुए संचालित हो रहे हैं या नहीं।

बेंगलुरु के ब्रुकफील्ड में आईटी कंपनी ‘कैपजेमिनी’ के अंदर मौजूद ‘डे-केयर’ की पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ छोटे बच्चों के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि एहतियात के तौर पर वह बेंगलुरु में परिसर के भीतर डे केयर सुविधा को कुछ समय के लिए बंद कर रही है।

यह घटना उस समय सामने आई जब व्हाट्सऐप के जरिए साझा किए गए वीडियो में बच्चों से कथित दुर्व्यवहार होते देखा गया और इसकी सूचना ‘चाइल्ड हेल्पलाइन’ को दी गई।

पुलिस आयुक्त सिंह ने कहा, ‘‘हम शिकायत और सबूत के तौर पर दिए गए वीडियो की जांच कर रहे हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त और व्हाइटफ़ील्ड के प्रभारी पुलिस उपायुक्त अभी मौके पर मौजूद हैं और तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।’’

इस घटना को ‘‘बहुत गंभीर मामला’’ बताते हुए अधिकारी ने कहा कि वह कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे।

सिंह ने कहा, ‘‘हमें इस घटना के बारे में पहले पता नहीं था। जैसे ही हमें पता चला, तुरंत मामला दर्ज किया गया। इतना ही नहीं, हम ऐसी अन्य सुविधाओं की भी जांच करेंगे जो इसी तरह चल रही हैं।’’

भाषा शफीक माधव

माधव


लेखक के बारे में