सत्ता के भूखे राजनीतिक दलों से सावधान रहें : प्रदर्शनकारी छात्रों से भाजपा

सत्ता के भूखे राजनीतिक दलों से सावधान रहें : प्रदर्शनकारी छात्रों से भाजपा

सत्ता के भूखे राजनीतिक दलों से सावधान रहें : प्रदर्शनकारी छात्रों से भाजपा
Modified Date: July 25, 2026 / 03:58 pm IST
Published Date: July 25, 2026 3:58 pm IST

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन पर नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर जारी छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच “उकसावे वाले बयान” देने का आरोप लगाया।

पार्टी ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से अपील की कि वे “मौकापरस्त और सत्ता के भूखे” राजनीतिक दलों से सावधान रहें, जो उनके आंदोलन का “सियासी लाभ उठाने” की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि छात्रों के विरोध-प्रदर्शन में कई “अराजक और विघटनकारी तत्व” घुसपैठ कर रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों से ऐसे तत्वों से भी सावधान रहने की अपील की।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बीच आई है। राहुल ने प्रधान के इस्तीफे की छात्रों की मांग का जबरदस्त समर्थन किया था।

त्रिवेदी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, “केंद्र सरकार छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद में सरकार की ओर से प्रस्तावित बहस में हिस्सा लेने के बजाय राजनीतिक नाटक करने में व्यस्त हैं।”

राहुल ने अपने आवास पर प्रदर्शनकारी छात्रों के एक समूह से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता और इससे कम कुछ भी मंजूर नहीं होगा।

त्रिवेदी ने राहुल पर पलटवार करते हुए कहा, “छात्रों के हित से जुड़े मुद्दे पर केंद्र सरकार पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। हमारे वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह छात्रों से बातचीत कर रहे हैं। आज भी दोनों मंत्री प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करने वाले हैं। लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर सिर्फ राजनीतिक नाटक कर रहे हैं, भड़काऊ बयान दे रहे हैं और संसद में बहस से भाग रहे हैं।”

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “छात्रों के विरोध-प्रदर्शन में कई अराजक और विघटनकारी तत्व घुसपैठ कर रहे हैं। मैं प्रदर्शनकारी छात्रों से अपील करता हूं कि वे ऐसे तत्वों से सावधान रहें।”

उन्होंने कहा, “मौकापरस्त और सत्ता के भूखे राजनीतिक दल भी छात्रों के विरोध-प्रदर्शन का सियासी लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। छात्रों को उनसे भी सावधान रहना चाहिए।”

भाषा पारुल संतोष

संतोष


लेखक के बारे में