भुवनेश्वर : सड़क से फिसलकर धान के खेत में गिरी बस, 30 यात्री घायल

भुवनेश्वर : सड़क से फिसलकर धान के खेत में गिरी बस, 30 यात्री घायल

भुवनेश्वर : सड़क से फिसलकर धान के खेत में गिरी बस, 30 यात्री घायल
Modified Date: August 18, 2026 / 11:06 am IST
Published Date: August 18, 2026 11:06 am IST

भुवनेश्वर, 18 अगस्त (भाषा) ओडिशा के नयागढ़ जिले में मंगलवार को एक बस डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क से फिसलकर धान के खेत में जा गिरी, जिससे उसमें सवार कम से कम 30 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा नयागढ़ बाईपास पर रात करीब दो बजे हुआ, जब चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।

उन्होंने कहा, “40 यात्रियों को लेकर भुवनेश्वर जा रही बस सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद बाईपास से करीब 20 फुट नीचे जा गिरी।”

अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय बस कंधमाल के दारिंगबाड़ी से आ रही थी और हादसे के बाद यात्रियों ने आगे का शीशा तोड़कर वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

उन्होंने कहा कि सभी घायल यात्रियों को पास के नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से दो यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भुवनेश्वर रेफर कर दिया गया।

अस्पताल के एक चिकित्सक ने कहा, “अधिकतर घायल यात्रियों की हालत स्थिर है।”

भाषा तान्या नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में