भूपेन हजारिका की आवाज असम की आत्मा और पूर्वोत्तर की भावना को पूरे देश तक पहुंचाती है: प्रधानमंत्री
भूपेन हजारिका की आवाज असम की आत्मा और पूर्वोत्तर की भावना को पूरे देश तक पहुंचाती है: प्रधानमंत्री
गुवाहाटी, आठ सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को महान गायक और संगीतकार भूपेन हजारिका को उनकी जन्मशती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी आवाज असम की आत्मा और पूर्वोत्तर की भावना को पूरे देश तक पहुंचाती थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हजारिका के गीतों ने लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का काम किया।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डॉ. भूपेन हजारिका जी की 100वीं जयंती पर उन्हें याद कर रहा हूं। उनकी आवाज असम की आत्मा और पूर्वोत्तर की भावना को पूरे देश तक पहुंचाती थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अपने संगीत के माध्यम से उन्होंने अनगिनत लोगों के विचारों और भावनाओं को बेहद खूबसूरती से अभिव्यक्ति दी। उनके गीत लोगों को एक-दूसरे के करीब लाए।’’
प्रधानमंत्री ने पिछले साल गुवाहाटी में आयोजित भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह की शुरुआत में शामिल होने की अपनी स्मृतियों को भी साझा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘भूपेन दा का जीवन और उनका काम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।’’
प्रधानमंत्री के पोस्ट के जवाब में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, ‘‘आदरणीय नरेन्द्र मोदी की ओर से ब्रह्मपुत्र के कवि को उनकी जन्मशती पर यह एक उपयुक्त श्रद्धांजलि है।’’
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले साल सितंबर में भूपेन हजारिका की जन्मशती के उपलक्ष्य में सालभर चलने वाले समारोहों की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि इन समारोहों से भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के असाधारण जीवन और उनकी कालजयी विरासत को देशभर में याद करने और सम्मानित करने की प्रेरणा मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री के व्यक्तिगत मार्गदर्शन और समारोहों में उनकी भागीदारी के लिए आभारी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री इस साल के अंत में नयी दिल्ली में होने वाले समापन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


