काम संबंधी सोच-विचार ने उड़ाई बिग बी की रातों की नींद

काम संबंधी सोच-विचार ने उड़ाई बिग बी की रातों की नींद

काम संबंधी सोच-विचार ने उड़ाई बिग बी की रातों की नींद
Modified Date: June 19, 2026 / 03:40 pm IST
Published Date: June 19, 2026 3:40 pm IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर एक नोट साझा कर कहा है कि काम से संबंधित विचारों के कारण उनकी रातों की नींद उड़ गई है।

83 वर्षीय अभिनेता अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर अपने प्रशंसकों व फॉलोअर्स के साथ, अपने निजी ब्लॉग के जरिए विचार साझा करते हैं।

‘बिग बी’ ने बृहस्पतिवार को अपनी एक पोस्ट में बताया कि वह किसी फिल्म के लिए शूट कर रहे थे। शूटिंग पूरी करने के बाद उन्हें लगा कि वह उस दृश्य को और बेहतर तरीके से कर सकते थे, इसलिए उन्होंने उसे दोबारा करने की कोशिश की।

बच्चन ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि दूसरा प्रयास पहले से बेहतर हुआ या नहीं, और इसी उधेड़बुन के कारण उन्हें रात भर नींद नहीं आई।

उन्होंने लिखा, “काम के कुछ ही पल थे। उन्हें पूरा करने के बाद मुझे लगा कि इसे और बेहतर तरीके से किया जा सकता था। मुझे अनुमति मिली, इसलिए मैंने उसे फिर से किया। अब मुझे नहीं पता कि वह पहले से बेहतर हुआ या नहीं।”

उन्होंने लिखा, “यह तो वही लोग बता पाएंगे जो इसे देखेंगे। इन्हीं विचारों के कारण मैं सो नहीं पाया और देखते ही देखते सुबह हो गई। ईएफ (एक्सटेंडेड फैमिली) को बधाई और ढेर सारा प्यार।”

पिछले सप्ताह अमिताभ बच्चन ने अपनी व्यस्तता के बारे में भी जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि वह लगातार कई परियोजनाओं की शूटिंग में व्यस्त हैं।

उन्होंने लिखा था, “काम ही काम है… काम ही काम है… काम ही काम है…! आज 12 लघु फिल्मों की शूटिंग की, दो स्टिल शूट पूरे किए और अब आप सभी के लिए काम कर रहा हूं।”

अमिताभ बच्चन जल्द ही फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में नजर आएंगे, जिसमें वह एक बार फिर अश्वत्थामा की भूमिका निभाएंगे।

इसके अलावा वह ‘रामायण: पार्ट 1’ में रणबीर कपूर के साथ दिखाई देंगे। अमिताभ बच्चन की आगामी फिल्मों में ‘सेक्शन 84’ भी शामिल है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में