जयपुर में ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक संपन्न
जयपुर में ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक संपन्न
जयपुर, छह अगस्त (भाषा) भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत आयोजित 10वीं ब्रिक्स उद्योग मंत्रियों की बैठक बृहस्पतिवार को जयपुर में संपन्न हुई। बैठक में सदस्य देशों ने औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने और नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक संयुक्त घोषणा को अपनाया।
‘बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी’ विषय पर आयोजित इस बैठक में ब्रिक्स देशों के उद्योग मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षमताओं को सशक्त बनाने, तकनीकी बदलावों का लाभ उठाने और सहयोग के नए अवसरों का विस्तार करने पर विचार-विमर्श किया।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि ब्रिक्स देशों को अपनी आकांक्षाओं को व्यावहारिक नवाचार और सहयोग में बदलना होगा तथा अपनी पूरक क्षमताओं का उपयोग कर मजबूत और लचीले उद्योगों का निर्माण करना होगा।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने ब्रिक्स देशों के बीच औद्योगिक साझेदारी को और गहरा करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि समावेशी औद्योगिक भविष्य के निर्माण के लिए सहयोग, नवाचार और आपसी विश्वास बेहद महत्वपूर्ण हैं।
बैठक की प्रमुख उपलब्धि सदस्य देशों द्वारा संयुक्त घोषणा को अपनाना रही, जो केवल संवाद तक सीमित रहने के बजाय व्यावहारिक सहयोगात्मक कदम उठाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
बैठक के दौरान सहभागी देशों ने अपनी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और नीतिगत दृष्टिकोण साझा किए। सभी देशों ने डिजिटल परिवर्तन को गति देने, मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने और साझा विकास संबंधी चुनौतियों का मिलकर सामना करने पर सहमति व्यक्त की।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक

Facebook


