बाइक घटना: एचएसडब्ल्यूसी ने महिला चालक और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की

Ads

बाइक घटना: एचएसडब्ल्यूसी ने महिला चालक और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 12:17 AM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 12:17 AM IST

चंडीगढ़, 15 सितंबर (भाषा) गुरुग्राम में एक जिम मालिक द्वारा तेज रफ्तार कार से एक बाइक सवार महिला को कथित तौर पर टक्कर मारने की घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग (एचएसडब्ल्यूसी) ने पुलिस को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि महिला और उसके परिवार को किसी भी तरह की धमकी, दबाव या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।

एचएसडब्ल्यूसी की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शनी द्वारा गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त को 14 सितंबर को लिखे गए एक पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो सामने आने के बाद आयोग ने इस पर स्वतः संज्ञान लिया है।

पत्र में कहा गया है, ‘‘सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के माध्यम से हरियाणा राज्य महिला आयोग के संज्ञान में एक घटना आई है, जिसमें कार चालक एक महिला बाइक सवार को कथित तौर पर जानबूझकर वाहन से टक्कर मारता हुआ दिखाई दे रहा है।’’

एचएसडब्ल्यूसी ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने सहित कानून के मुताबिक त्वरित कार्रवाई करने को कहा है। आयोग ने अपने पत्र में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध जोड़ने पर विचार करने की भी सिफारिश की है।

भाषा प्रचेता पारुल

पारुल