चंडीगढ़, 16 सितंबर (भाषा) संगरूर में एक दलित व्यक्ति की आत्महत्या को लेकर विपक्ष द्वारा इस्तीफे की मांग किये जाने के बीच पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा पर उन्हें ‘‘फंसाने’’ की ‘‘साजिश’’ रचने का आरोप लगाया।
यह चीमा की सात सितंबर को दिर्बा के तुरबंजारा गांव निवासी गुलजार सिंह की कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से हुई मौत के बाद पहली प्रतिक्रिया है।
गुलजार सिंह के परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना से एक दिन पहले दिर्बा में एक कार्यक्रम के दौरान इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति को लेकर चीमा से सवाल पूछने पर उन्हें परेशान किया गया और जातिसूचक टिप्पणियां की गईं।
विपक्ष द्वारा उन्हें मंत्रिमंडल से हटाए जाने की मांग से जुड़े सवाल पर चीमा ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ‘‘एक मंत्री को कैसे फंसाया जाए, इसकी साजिश रच रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास पर्याप्त सबूत हैं। फिलहाल मैं उन सबूतों को सामने नहीं लाना चाहता क्योंकि जांच जारी है। जांच पूरी होने दीजिए। समय आने पर मैं हर नेता को जवाब दूंगा और लोगों को दिखाऊंगा कि वे शवों पर कैसे राजनीति कर रहे हैं।’’
चीमा के इस्तीफे के अलावा विपक्षी दलों ने गुलजार सिंह की मौत की स्वतंत्र जांच की भी मांग की है।
वे चीमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी कर रहे हैं। यह मांग गुलजार सिंह का आखिरी समय का कथित वीडियो सामने आने के बाद की जा रही है, जिसमें उन्होंने वित्त मंत्री से इलाके में मादक पदार्थों की आपूर्ति को लेकर सवाल पूछने की बात कही थी।
संगरूर में हुई इस आत्महत्या के मामले की जांच पंजाब पुलिस द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है।
भाषा
राखी संतोष
संतोष