बीरभूम नकद बरामदगी : पुलिस ने फरार पत्थर व्यापारी तुलु मंडल के ससुरालवालों के घरों पर छापे मारे
बीरभूम नकद बरामदगी : पुलिस ने फरार पत्थर व्यापारी तुलु मंडल के ससुरालवालों के घरों पर छापे मारे
कोलकाता, पांच अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने बुधवार को बीरभूम जिले में फरार पत्थर व्यापारी तुलु मंडल के ससुराल पक्ष से जुड़े लोगों के घरों पर छापे मारे। यह कार्रवाई मंडल के रिश्तेदार के मकान से लगभग 50 करोड़ रुपये की नकदी और सोना बरामद होने से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार बीरभूम जिला पुलिस और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने संयुक्त रूप से तीन घरों पर छापे मारे।
अधिकारी ने बताया कि सुबह मंडल के ससुर नूरूल आलम, साले मिंटू शेख और रिश्तेदार नूरूल इस्लाम के घरों की तलाशी ली गई।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान जांचकर्ताओं को एक संदिग्ध बैग मिला, जिसकी जांच की जा रही है।
हालांकि, नूरूल आलम ने संवाददाताओं से कहा कि उसके घर से कुछ भी जब्त नहीं किया गया है। उसने कहा, “हमारे घर में कुछ भी नहीं है। उन्होंने यहां से कुछ भी बरामद या जब्त नहीं किया।”
एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि जब एसटीएफ की टीम मिंटू शेख के घर पहुंची, तो वह वहां मौजूद नहीं था।
उन्होंने कहा कि काफी देर तक इंतजार करने के बाद टीम ने घर की तलाशी ली और परिवार के कई सदस्यों से पूछताछ की।
यह छापेमारी उस विस्तृत जांच का हिस्सा है, जो तुलु मंडल के बहनोई मिनार मंडल के मकान से भारी मात्रा में नकदी और सोने की बरामदगी के बाद शुरू की गई, जिसकी कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांचकर्ताओं को शक है कि मंडल ने पत्थर के कारोबार से जुड़े कर न चुकाकर बड़े पैमाने पर संपत्ति जुटाई है। वे उन संपत्तियों और कीमती चीजों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें कथित तौर पर रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों की मदद से छिपाकर रखा गया है।
सिउड़ी के सुभाषपल्ली में मंडल के मकान की भी तलाशी ली गई है।
बीरभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिदित राज बुंदेश ने बताया कि अब तक तुलु मंडल से जुड़ी लगभग 220 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
बुंदेश ने कहा, “हमने जांच के सिलसिले में लगभग 220 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें मीनार मंडल के घर से बरामद नकद और सोना भी शामिल है। जांच जारी है और तुलु मंडल का पता लगाने की कोशिशें की जा रही हैं।”
पुलिस ने मामले के सिलसिले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश

Facebook


