बीआईटी मेसरा ने छात्रावासों में लगाए गए ‘एंटी-सुसाइड रॉड’ से लैस पंखे

Ads

बीआईटी मेसरा ने छात्रावासों में लगाए गए ‘एंटी-सुसाइड रॉड’ से लैस पंखे

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 11:06 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 11:06 PM IST

रांची, 23 सितंबर (भाषा) मेसरा स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) अपने परिसर के छात्रावासों में पारंपरिक सीलिंग पंखों की जगह ‘एंटी-सुसाइड रॉड’ से लैस पंखे लगा रहा है। संस्थान के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इन रॉड को इस तरह तैयार किया गया है कि उन पर निर्धारित सीमा से अधिक भार या दबाव पड़ने पर पंखा अपने आप नीचे आ जाए। इससे आत्महत्या जैसी घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।

देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में हाल में हुई घटनाओं को देखते हुए संस्थान ने यह कदम उठाया है।

मेसरा स्थित बीआईटी में 19 सितंबर को इंजीनियरिंग की एक छात्रा का शव छात्रावास के कमरे में पंखे से बंधे फंदे पर लटका मिला था।

नाम न उजागर करने की शर्त पर संस्थान के एक अधिकारी ने कहा, “छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीआईटी मेसरा एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर छात्रावास के कमरों में ‘एंटी-सुसाइड रॉड’ से लैस पंखे लगा रहा है।”

ये पंखे चरणबद्ध तरीके से परिसर के सभी 14 छात्रावासों में लगाए जाएंगे। इसकी शुरुआत प्रथम वर्ष के छात्रों के छात्रावासों से की जा रही है।

भाषा खारी वैभव

वैभव