बीजद ने भाजपा सरकार पर ओडिशा को विशेष श्रेणी का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास न करने का आरोप लगाया
बीजद ने भाजपा सरकार पर ओडिशा को विशेष श्रेणी का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास न करने का आरोप लगाया
भुवनेश्वर, 14 फरवरी (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) ने शनिवार को ओडिशा की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर वर्ष 2014 के चुनावी वादे के अनुरूप राज्य को विशेष श्रेणी का दर्जा दिलाने के लिए कोई प्रयास नहीं करने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने 10 फरवरी को राज्यसभा में कहा था कि ओडिशा को विशेष श्रेणी का दर्जा देने संबंधी केंद्र सरकार के समक्ष “कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है”।
पात्रा ने आरोप लगाया, “हमें मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण चाहिए। भाजपा ने अपने 2014 के घोषणापत्र में स्पष्ट रूप से कहा था कि सत्ता में आने पर वह ओडिशा को विशेष श्रेणी का दर्जा दिलाने के लिए काम करेगी लेकिन भाजपा सरकार ने इस चुनावी वादे को पूरा करने के लिए एक भी कदम नहीं उठाया है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वे आज शाम को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस बात की मंजूरी लें ताकि राज्य केंद्र के समक्ष विशेष श्रेणी का दर्जा देने की मांग रख सके।
ओडिशा को विशेष श्रेणी का दर्जा देने की मांग लंबे समय से उठती रही है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘यह मुद्दा पहली बार 1979 में राष्ट्रीय विकास परिषद (एनडीसी) में उठाया गया था। इसके बाद राज्य विधानसभा ने भी विशेष श्रेणी दर्जे की मांग को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए। राज्य में बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर विकास को गति देने के लिए विशेष वित्तीय सहायता की आवश्यकता होती है। इस संबंध में 10वीं और 11वीं विधानसभा में प्रस्ताव पारित किए गए थे।’
पूर्व बीजद सरकार ने इस मांग के समर्थन में करीब एक करोड़ लोगों के हस्ताक्षर वाला व्यापक अभियान चलाकर ज्ञापन तत्कालीन राष्ट्रपति को सौंपा था।
भाषा
राखी रंजन
रंजन

Facebook


