जम्मू की तवी नदी में अचानक उफान के कारण फंसे दो लोगों को सुरक्षित बचाया गया
जम्मू की तवी नदी में अचानक उफान के कारण फंसे दो लोगों को सुरक्षित बचाया गया
जम्मू, 23 जुलाई (भाषा) स्थानीय तवी नदी में पानी का स्तर अचानक बढ़ने के बाद आई बाढ़ में फंसे दो लोगों को पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने बृहस्पतिवार को एक संयुक्त अभियान संचालित कर सुरक्षित बचा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना फलियां मंडल इलाके में प्रंबली के पास हुई, जहां से फरमान अली (25) और फारूक अहमद (28) को सुरक्षित बचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों युवक सुबह अपने मवेशियों को चराने के लिए नदी के किनारे गए थे। इसी दौरान पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे वे नदी के बीच में ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही फलियां मंडल पुलिस चौकी ने पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से तुरंत एसडीआरएफ को सूचित किया। इसके बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद दोनों लोगों को बिना किसी चोट के सुरक्षित निकालकर उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश

Facebook


