बीजद के रास सदस्य देबाशीष सामंतराय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
बीजद के रास सदस्य देबाशीष सामंतराय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
भुवनेश्वर, 25 मई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के राज्यसभा सदस्य देबाशीष सामंतराय ने सोमवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और आरोप लगाया कि पार्टी में उन्हें “सुनियोजित तरीके से अपमानित” किया जा रहा था।
पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक को लिखे पत्र में सामंतराय ने कहा, “मैं बीजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। हाल के समय में मुझे लगा कि पार्टी में मुझे लगातार अपमानित किया जा रहा है और मेरी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है। इसलिए मैंने यह कठिन निर्णय जनहित में लिया है और आपसे अनुरोध है कि मेरा इस्तीफा स्वीकार करें।”
सामंतराय का इस्तीफा ऐसे समय आया है जब कुछ महीने पहले दो अन्य राज्यसभा सदस्यों —सुजीत कुमार और ममता महंता—ने भी पार्टी छोड़ दी थी। बाद में महंता और कुमार भाजपा के टिकट पर राज्यसभा के लिए चुने गए थे।
ओडिशा से 2009 और 2014 में दो बार विधायक रह चुके सामंतराय ने राज्यसभा के लिए नामित करने को लेकर नवीन पटनायक के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने पत्र में लिखा, “राज्यसभा के लिए नामित करने के लिए मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा। मुझे अविभाजित कटक जिले के लोगों की सेवा करने और राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा से जुड़े मुद्दे उठाने का अवसर देने के लिए मैं आपका हार्दिक धन्यवाद करता हूं।”
सूत्रों के अनुसार, सामंतराय के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
भाषा रंजन मनीषा
मनीषा

Facebook


