बीजद संसद सत्र के दौरान सांसद निधि की अड़चनों और पाठ्यपुस्तकों में गलतियों का मुद्दा उठाएगी
बीजद संसद सत्र के दौरान सांसद निधि की अड़चनों और पाठ्यपुस्तकों में गलतियों का मुद्दा उठाएगी
भुवनेश्वर, 19 जुलाई (भाषा) विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने रविवार को कहा कि वह सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में ओडिशा से जुड़े कई मुद्दे उठाएगा, जिसमें सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड्स) की धनराशि के उपयोग में कथित बाधाएं, कोयला रॉयल्टी में संशोधन न होना और स्कूल की पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों का मुद्दा शामिल हैं।
इन मुद्दों को बीजद के राज्यसभा में नेता मानस मंगराज ने मानसून सत्र से पहले नयी दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में उठाया।
पार्टी की ओर से जारी बयान में मंगराज ने कहा, ‘‘बीजद ने उन मुद्दों पर चर्चा की, जिन्हें वह मानसून सत्र में उठाना चाहता है। इनमें पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की स्थिति, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनुचित वृद्धि और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के कारण वाहन मालिकों को हो रही समस्याएं शामिल हैं।’’
उन्होंने कहा कि बीजद ओडिशा की स्कूल पाठ्यपुस्तकों में कथित त्रुटियों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगेगा।
मंगराज ने कहा कि विभिन्न दलों के सांसद जहां सांसद निधि के तहत मिलने वाली राशि को वर्तमान पांच करोड़ रुपये से बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, वहीं बीजद की तत्काल चिंता मौजूदा धनराशि का सही ढंग से उपयोग सुनिश्चित करना है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ओडिशा की भाजपा सरकार सांसद निधि के समुचित उपयोग में बाधाएं पैदा कर रही है। राज्य सरकार बीजद जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों पर अपनी सांसद निधि खर्च करने से रोक रही है।’’
बीजद नेता ने आरोप लगाया कि सांसद निधि के उपयोग में कई तरह की रुकावटें पैदा की जा रही हैं, जिसके कारण विकास परियोजनाएं शुरू नहीं हो पा रही हैं।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


