नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर कर्नाटक में ‘‘भूमि हड़पने और भ्रष्टाचार करने’’ का बुधवार को आरोप लगाया तथा मीडिया में आई खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि राज्य सरकार ने नागरिक सुविधाओं के लिए निर्धारित दो दर्जन भूखंड सत्तारूढ़ पार्टी को महज दो करोड़ रुपये में आवंटित किए हैं।
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस या कर्नाटक सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि सिद्धरमैया सरकार ने सत्तारूढ़ पार्टी के लगभग 100 कार्यालयों के निर्माण के लिए कांग्रेस भवन ट्रस्ट को राज्य भर में 24 सरकारी भूखंड हस्तांतरित किए हैं।
भाटिया ने आरोप लगाया कि ये सरकारी भूखंड कर्नाटक के लोगों के लिए नागरिक सुविधाओं के विकास के वास्ते थे, लेकिन इन्हें ‘‘गांधी परिवार’’ को खुश करने के लिए ट्रस्ट को हस्तांतरित कर दिया गया, जबकि मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के बीच रस्साकशी जारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस भवन ट्रस्ट को हस्तांतरित की गई इन 24 संपत्तियों का मूल्य लगभग 50 करोड़ रुपये है। भ्रष्टाचार में लिप्त कांग्रेस को ये संपत्तियां महज दो करोड़ रुपये में मिल गईं। इस मामले में 48 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।’’
गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए, भाजपा प्रवक्ता ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से जुड़े नेशनल हेराल्ड मामले का हवाला दिया तथा आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘‘भ्रष्टाचार’’ का पर्याय बन गई है।
भाटिया ने कहा, ‘‘हमने देखा कि मुख्यमंत्री सिद्दरमैया अपनी कुर्सी से चिपके हुए हैं और अपने राज्य के लोगों की चिंता नहीं कर रहे, जबकि उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार उन्हें हटाकर स्वयं मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं।’’
उन्होंने राहुल गांधी से भी सवाल किया कि सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद की रस्साकशी में कर्नाटक के लोगों को क्यों लूटा जा रहा है।
भाषा सुभाष सुरेश
सुरेश