भाजपा ने सतीशन को मुख्यमंत्री बनाने में आईयूएमएल के प्रभाव का आरोप लगाया, ‘मीम’ साझा किए
भाजपा ने सतीशन को मुख्यमंत्री बनाने में आईयूएमएल के प्रभाव का आरोप लगाया, ‘मीम’ साझा किए
तिरुवंनतपुरम, 14 मई (भाषा) कांग्रेस द्वारा बृहस्पतिवार को वीडी सतीशन को केरल का मुख्यमंत्री नामित किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई ने आरोप लगाया कि अगले पांच वर्ष तक राज्य पर प्रभावी रूप से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) का ही शासन रहेगा।
भाजपा ने सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस और मुस्लिम लीग के नेतृत्व को निशाना बनाते हुए कई ‘मीम’ साझा किए।
भाजपा ने ‘फेसबुक’ पर ऐसा ही एक मीम साझा किया जिसमें मुस्लिम लीग की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सैयद सादिक अली शिहाब थंगल को केंद्र में दर्शाया गया है जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे उनके सामने झुकते हुए दिखाई दे रहे हैं और सतीशन उन्हें पंखा झलते हुए नजर आ रहे हैं।
भाजपा ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि कांग्रेस विधायकों के बीच बहुमत का समर्थन न होने के बावजूद सतीशन को मुस्लिम लीग के दबाव में चुना गया।
पोस्ट में आरोप लगाया गया कि मुस्लिम लीग अपनी मांगों को मनवाने की कोशिश कर रही है, जिसमें एक ‘नया धार्मिक जिला’ बनाना भी शामिल है और उसे ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो उसके हितों के अनुरूप हो।
पोस्ट में मुस्लिम लीग के कुछ स्थानीय नेताओं द्वारा प्रस्तावित मलप्पुरम जिले के विभाजन का जिक्र किया गया।
पोस्ट में बताया गया, “कांग्रेस का असली निर्णय केंद्र नयी दिल्ली में नहीं, बल्कि पनाक्कड़ हाउस में है।”
यह मुस्लिम लीग से जुड़े थंगल परिवार के संदर्भ में कहा गया था।
एक अन्य मीम में थंगल को ढोल बजाते हुए दिखाया गया जबकि कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल असहज नजर आ रहे हैं।
भाजपा ने कहा कि अगले पांच वर्षों में केरल में एक ऐसा मुख्यमंत्री होगा जो, ‘लीग के इशारों पर नाचेगा’। भाजपा की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने भी थंगल की तस्वीर ‘फेसबुक’ पर साझा करते हुए कैप्शन में ‘हाई कमान’ लिखा।
उन्होंने एक वीडियो क्लिप भी साझा की और लिखा, “22 से कम हैं 63’।
इसका तात्पर्य कांग्रेस की 63 सीट और मुस्लिम लीग द्वारा जीती हुई 22 सीटों से है।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव

Facebook


