भाजपा ने वानती श्रीनिवासन को महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया
भाजपा ने वानती श्रीनिवासन को महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया
नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (भाषा) भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को पार्टी की तमिलनाडु इकाई की उपाध्यक्ष वानती श्रीनिवासन को महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया। साथ ही उन्होंने अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल इकाई का संगठन महामंत्री बनाए जाने को हरी झंडी दी।
पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में इन नियुक्तियों की घोषणा की गई और कहा गया कि दोनों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
पेशे से वकील श्रीनिवासन तमिलनाडु भाजपा में कई पदों पर रह चुकी हैं। वह विजया रहातकर की जगह लेंगी। पिछले महीने नड्डा ने अपनी नयी टीम की घोषणा करते हुए महिला मोर्चा को छोड़, अन्य सभी मोर्चा के अध्यक्ष बदल दिये थे।
अमिताभ चक्रवर्ती अभी तक पश्चिम बंगाल में भाजपा के सह संगठन मंत्री थे। वह सुब्रतो चट्टोपाध्याय की जगह लेंगे।
पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने के लिए भाजपा ने एड़ी-चोटी का दम लगा रखा है। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।
भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र दिलीप
दिलीप

Facebook


