भीलवाड़ा में भाजपा प्रत्याशी पर नामांकन वापस लेने के लिए एक लाख रुपये देने का आरोप

Ads

भीलवाड़ा में भाजपा प्रत्याशी पर नामांकन वापस लेने के लिए एक लाख रुपये देने का आरोप

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 03:52 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 03:52 PM IST

जयपुर, तीन सितंबर (भाषा) भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में एक निर्दलीय उम्मीदवार ने भाजपा प्रत्याशी पर नामांकन वापस लेने के लिए एक लाख रुपये देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, निर्दलीय उम्मीदवार के घर से एक लाख रुपये बरामद किए गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि मामला नगर निगम के वार्ड 49 का है, जहां निर्दलीय प्रत्याशी रोहित सेन ने भाजपा उम्मीदवार अमित सारस्वत पर नामांकन वापस लेने के लिए एक लाख रुपये देने का आरोप लगाया है।

सेन ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी से भी शिकायत की है।

भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि रोहित की शिकायत पर पुलिस उनके घर पहुंची और वहां से एक लाख रुपये बरामद किए गए।

सेन ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 8.30 बजे भाजपा उम्मीदवार अमित उनसे मिलने उनके घर आए थे।

उनके अनुसार, उन्होंने सारस्वत से कहा कि उन्हें वार्ड के लोगों ने चुनाव मैदान में उतारा है और वह उनकी सहमति के बिना कोई फैसला नहीं ले सकते। वार्ड के लोगों के साथ बैठक के बाद ही वह कोई जवाब दे पाएंगे।

सेन के मुताबिक, उन्होंने सारस्वत से कहा था कि वह सुबह 10 बजे के बाद ही कोई जवाब दे सकेंगे। इसी दौरान करीब 9.30 बजे सारस्वत दोबारा उनके घर पहुंचे और उनकी पत्नी को एक लाख रुपये दिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने जब इन रुपयों के बारे में पूछा तो सारस्वत ने कथित तौर पर कहा कि रुपये रख लें और बाकी रकम बाद में दे दी जाएगी। इसके बाद उनकी पत्नी ने फोन कर उन्हें इसकी जानकारी दी।

सेन ने बताया कि वह तुरंत घर पहुंचे, लेकिन तब तक सारस्वत वहां से जा चुके थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने मामले की शिकायत निर्वाचन विभाग से की है और मांग की है कि मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने बताया कि बरामद राशि और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

भाषा बाकोलिया मनीषा नरेश

नरेश