तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (भाषा) भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले पार्टी उम्मीदवारों का समर्थन करने केरल पहुंचे हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को यह जानकारी दी।
चंद्रशेखर ने प्रेसवार्ता में कहा कि शनिवार को उनके सहित पार्टी के लगभग 40 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि शेष प्रत्याशी सोमवार तक प्रक्रिया पूरी कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नामांकन प्रक्रियाओं के सिलसिले में नेमोम, कट्टक्कडा, कझाकूटम और वट्टियूरकावु का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल मनालूर, त्रिशूर, नट्टिका और पलक्कड़ निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
प्रदेश पार्टी अध्यक्ष के मुताबिक राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा का एलाथुर और बालुस्सेरी का दौरा निर्धारित है, जबकि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कंजीरापल्ली और पूंजर में उपस्थित रहेंगे।
तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज में हाल में हुई आग की घटना पर चिंता जताते हुए चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि इस घटना से जुड़ी पांच मौतों के मामले को राज्य सरकार ने दबा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ (प्रभावित) परिवार वालों ने बताया कि आग लगने के बाद जीवन रक्षक प्रणालियां काम करना बंद कर गईं। घटना के बाद अधिकारियों ने दावा किया कि कुछ भी गलत नहीं हुआ था। यह एक लीपापोती है।’’
तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज के ‘मल्टी-स्पेशियलिटी ब्लॉक’ में स्थित सर्जिकल आईसीयू में 17 मार्च को आग लग गई थी, जिसके बाद मरीजों को अस्पताल से स्थानांतरित कर दिया गया था।
कांग्रेस नेता वी डी सतीशन द्वारा लगाए गए उन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कि माकपा ने भाजपा की मदद करने के लिए पलक्कड़ में एक स्वतंत्र उम्मीदवार खड़ा किया था, चंद्रशेखर ने कांग्रेस को ‘बेशर्म पार्टी’ करार दिया।
भाषा तान्या राजकुमार
राजकुमार