धर्म और जाति के नाम पर समुदायों के बीच विभाजन पैदा कर रही भाजपा : अभिषेक बनर्जी
धर्म और जाति के नाम पर समुदायों के बीच विभाजन पैदा कर रही भाजपा : अभिषेक बनर्जी
(फाइल फोटो के साथ)
कोलकाता, 30 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने रविवार को भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर समुदायों के बीच दरार पैदा करने का आरोप लगाया।
तृणमूल महासचिव अभिषेक ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पुरुलिया से भाजपा सांसद ज्योतिर्मोय सिंह महतो तथा झालदा, पुरुलिया, काशीपुर एवं पारा (एससी) से पार्टी के विधायकों को मतदाताओं को यह बताना चाहिए कि उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए क्या किया है।
उन्होंने केंडुआरी कुंजा मैदान में एक रैली में कहा, ‘‘अगर कोई दिखा सके कि महतो ने इन वर्षों में क्या किया, अगर कोई मुझे बता सके कि भाजपा के चार विधायकों ने जनता के लिए क्या किया। वे केवल झूठ बोलते हैं और हिंदू-मुसलमानों के बीच दरार पैदा करने की कोशिश करते हैं।’’
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की पहलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने कुर्माली को छठी अनुसूची में शामिल करने की सिफारिश की थी। केवल तृणमूल ने ही आपके लिए संघर्ष किया।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी ने राजबंशी भाषा को मान्यता दिलाने के लिए भी प्रयास किए क्योंकि वह क्षेत्रीय संस्कृति और पहचान की रक्षा में विश्वास रखती है।
नरेंद्र मोदी सरकार को ‘दिखावटी और जनविरोधी’ बताते हुए उन्होंने एलपीजी की कीमतों में वृद्धि जैसे मुद्दों से निपटने के उसके तरीके पर सवाल उठाए।
उन्होंने दावा किया, ‘‘मेरी बात याद रखिए, चुनाव के बाद एलपीजी की कीमतें बढ़कर 2,000 रुपये तक होने की पूरी संभावना है।’’
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल रंजन
रंजन

Facebook


