भाजपा ने झारखंड के कथित आबकारी परीक्षा पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग की

भाजपा ने झारखंड के कथित आबकारी परीक्षा पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग की

भाजपा ने झारखंड के कथित आबकारी परीक्षा पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग की
Modified Date: April 16, 2026 / 08:33 pm IST
Published Date: April 16, 2026 8:33 pm IST

रांची, 16 अप्रैल (भाषा) झारखंड के विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को मांग की कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आबकारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों की सीबीआई जांच की सिफारिश करें।

पार्टी ने यह मांग तब की है जब झारखंड आबकारी आरक्षी प्रतियोगी परीक्षा (जेईसीसीई) 2023 के 159 अभ्यर्थियों और पांच अन्य लोगों को कथित पेपर लीक के सिलसिले में 12 अप्रैल को रांची में गिरफ्तार किया गया ।

विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि यह मामला एक बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है।

उन्होंने पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस प्रशासन द्वारा दिखाई गई जल्दबाजी और जांच के तौर-तरीके से संकेत मिलता है कि इसमें कोई बड़ा घोटाला हो सकता है।’’

जायसवाल ने कहा कि एक ही परीक्षा केंद्र से बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां गंभीर अनियमितताओं का संकेत देती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम मुख्यमंत्री से सीबीआई जांच की सिफारिश करने की अपील करते हैं, क्योंकि अभ्यर्थी पूरे प्रकरण को संदेह की नजर से देख रहे हैं।’’

भाजपा की मांग पर सत्तारूढ़ कांग्रेस ने कहा कि राज्य एजेंसियां ​​मामले को संभालने के लिए पर्याप्त रूप से सक्षम हैं।

पार्टी प्रवक्ता सोनल शांति ने कहा,‘‘परीक्षा से पहले ही 100 से अधिक अभ्यर्थियों और मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी से पता चलता है कि झारखंड सरकार निष्पक्ष एवं विवाद मुक्त परीक्षा आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

उन्होंने कहा कि झामुमो की अगुवाई वाली सरकार मामले की तह तक जायेगी।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में