राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में भाजपा के उपमहापौर निर्वाचित
राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में भाजपा के उपमहापौर निर्वाचित
जयपुर, 26 सितंबर (भाषा) राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपमहापौर निर्वाचित हुए जबकि सीकर जिले की खाटूश्यामजी नगरपालिका में कांग्रेस ने अध्यक्ष का पद जीता।
जोधपुर नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में भाजपा के विजय सिंह पंवार ने कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल करीम को चार वोटों से हराया।
इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जश्न मनाया और पंवार का फूल मालाओं से स्वागत किया।
पंवार ने कहा कि आम जनता और ‘ट्रिपल-इंजन सरकार’ के सहयोग से जोधपुर में विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
जयपुर नगर निगम के उपमहापौर पद के चुनाव में भाजपा की सरोज कंवर ने कांग्रेस प्रत्याशी सलमान मंसूरी को हराया। इसी तरह, कोटा नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में भाजपा के विवेक राजवंशी निर्विरोध निर्वाचित हुए क्योंकि कांग्रेस ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था।
कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका में भाजपा के विकास चौहान उपाध्यक्ष चुने गए। सीकर जिले की खाटू श्यामजी नगरपालिका में कांग्रेस उम्मीदवार विनीता ने भाजपा की प्रेम देवी को एक वोट से हराकर अध्यक्ष पद का चुनाव जीता।
भाषा पृथ्वी
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


