नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का लक्ष्य बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का है।
गुप्ता ने कहा कि सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर उनकी सरकार एक ऐसी पीढ़ी तैयार कर रही है जो राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगी।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने यह टिप्पणी उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी भवन का उद्घाटन करने और इसके स्थायी भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन करने के बाद की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस इलाके में लंबे समय से अच्छी शैक्षणिक सुविधाओं की कमी थी और अब तक यह क्षेत्र मात्र एक केंद्रीय विद्यालय पर निर्भर था।
उन्होंने बताया कि नए केंद्रीय विद्यालय के बनने से बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा मिलेगी और पूरे क्षेत्र में शिक्षा का माहौल भी सुधरेगा व सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया, “ सरकार का लक्ष्य केवल साक्षरता नहीं, बल्कि बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर हम एक ऐसी पीढ़ी तैयार कर रहे हैं जो राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगी।”
बयान के मुताबिक, इस नए विद्यालय के संचालन के साथ ही दिल्ली में केंद्रीय विद्यालयों की कुल संख्या बढ़कर 47 हो गई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के समन्वित प्रयासों से शिक्षा, सड़क, पेयजल, सीवर, फ्लाईओवर, फुटओवर ब्रिज, अस्पताल और अन्य बुनियादी विकास परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है और इनका प्रत्यक्ष लाभ आम जनता को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध होगी और यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र, दिल्ली सरकार और नगर निगम के समन्वित कार्य के कारण विकास कार्यों में गति आई है और इसका लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि करावल नगर क्षेत्र में मेट्रो परियोजना शीघ्र शुरू होने वाली है।
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह केवल एक विद्यालय का उद्घाटन नहीं, बल्कि उस क्षेत्र के समग्र विकास का नया अध्याय है, जो वर्षों तक बुनियादी शैक्षणिक अवसंरचना की कमी से जूझता रहा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक शिक्षा का विकास सीमित क्षेत्रों तक ही दिखाई देता था।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि 27 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बनी भाजपा सरकार ने इस दिशा में ठोस पहल करते हुए दूसरा केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने का कार्य किया है।
कैबिनेट मंत्री और करावल नगर के विधायक कपिल मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय का उपहार क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव