कोलकाता, नौ मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में बनने वाली पार्टी की पहली सरकार जनता की आकांक्षाओं और भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करेगी।
राज्य में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले खड़गपुर सदर के विधायक घोष ने कहा कि पार्टी ने पूर्वी भाग में राजनीतिक परिवर्तन लाने के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है।
घोष ने कहा, ‘‘हमने लंबे समय तक संघर्ष किया। अब उसका परिणाम सामने आया है और सत्ता परिवर्तन हो चुका है। हमें जनता की इच्छाओं और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को पूरा करने के लिए काम करना होगा।’’
उन्होंने कहा कि नयी सरकार राज्य में ‘‘तृणमूल कांग्रेस के कुशासन’’ के खिलाफ पार्टी के संघर्ष के दौरान जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देगी।
पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्य शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में शपथ लेने वाले हैं। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के लगभग 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।
भाषा गोला सुरेश
सुरेश